जम्मू। स्कूल शिक्षा विभाग ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) से प्रशासिनक कार्यों में लगे शिक्षकों को उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजने की रिपोर्ट मांग ली है। निदेशालय स्कूल शिक्षा जम्मू ने आधिकारिक आदेश जारी कर संभाग के सभी सीईओ से रिपोर्ट मांगी है। मूल तैनाती स्थल पर नहीं जाने वाले शिक्षकों का वेतन नहीं जारी करने के भी आदेश दे दिए गए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक कार्यों में लगे शिक्षकों की अटैचमेंट को रद्द कर उन्हें अपने मूल तैनाती स्थल पर जाने को कहा था। गौरतलब है कि प्रदेश में हजारों शिक्षक स्कूलों में पढ़ाने की बजाय विभिन्न विभागों में प्रशासनिक कार्यों में लगे हैं, जिससे स्कूलों में विशेष कर ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू के निजी अधिकारी संज के भट्ट ने संभाग के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों से ऐसे शिक्षकों की सूची मांगी है, जो अटैच थे और उन्हें अब उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजा गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ऐसे सभी शिक्षकों की सूची तैयार कर रहा है जो स्कूल में पढ़ाने की बजाय विभिन्न विभागों में प्रशासनिक कार्यों पर लगे हैं। अटैच शिक्षक राजनीतिक रसूख के चलते मनचाहे विभागों में अटैचमेंट लेते हैं। ऐसे शिक्षक का वेतन शिक्षा विभाग के राजस्व से जारी होता है। जम्मू जिले में 90 ऐसे शिक्षक हैं जो लखनपुर में कोविड ड्यूटी पर लगे थे।