जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सुचेतगढ़ (जम्मू) में आगामी 2 अक्तूबर को प्रस्तावित बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान रिहर्सल में जुटे हुए हैं। सेरेमनी में बीएसएफ की गतिविधियों से जुड़ी अन्य प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए सेरेमनी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का पहुंचना प्रस्तावित है। सेरेमनी शाम पांच बजे होगी। बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी के शुरू होने से सुचेतगढ़ में बॉर्डर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सुचेतगढ़ में बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का बीएसएफ की ओर से आयोजन किया जाएगा। यह दैनिक आधार पर होगी, इसका फैसला अभी लिया जाना है। पर्यटकों के लिए पर्यटन विभाग जम्मू से बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। इसमें कैफेटेरिया सहित अन्य ढांचा उपलब्ध है। बीटिंग द रिट्रीट के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बताया जाता है कि भविष्य में सुचेतगढ़ तक बीटिंग द रिट्रीट देखने के लिए पर्यटक अपने वाहनों से ही पहुंचेंगे। बीटिंग द रिट्रीट के लिए पर्यटकों से कोई टिकट लेने पर भी अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
पर्यटन विभाग जम्मू के निदेशक विवेकानंद राय का कहना है कि बीटिंग द रिट्रीट का बीएसएफ की ओर से आयोजन किया जाना है, जिसमें कुछ बुनियादी ढांचा पर्यटन विभाग की ओर से उपलब्ध करवाया गया है। बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी शुरू होने से जम्मू में देश विदेश के पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।