जम्मू। जम्मू संभाग के सरकारी स्कूलों में प्रतिमाह होनेे वाली पेरेंट्स टीचर मीट 27 सितंबर को होगी। इसमें अभिभावकों को स्कूल अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ बाल सुरक्षा, बाल शोषण व पास्को अधिनियम और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। पीटीएम का आयोजन वर्चुअल मोड पर सभी जिलों में होगा।
वर्चुअल मोड पर होने वाली पीटीएम में अभिभावकों को विभाग द्वारा बच्चों के लिए चलाई जा रही ऑनलाइन कक्षाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। अभिभावकों को बच्चों को घर में कैसे पढ़ाएं, बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर कैसे नजर रखें के बारे में भी बताया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू के निदेशक रवि शंकर शर्मा ने आदेश जारी कर सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने जिले के स्कूलों में पीटीएम करवाने का आदेश जारी किया है।