जम्मू। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बागवानी और कृषि उत्पादों को देश विदेश में पहुंचाने के लिए मैसर्स गो एयरलाइंस इंडिया लिमिटेड (गो फर्स्ट) के माध्यम से शिपिंग दरों को अधिसूचित किया है।
सरकार के एक आदेश में अधिसूचित परवाज योजना के तहत 25 फीसदी सब्सिडी बागवानी और कृषि नष्ट उत्पादों पर देने का प्रावधान होगा। एयर कार्गों दरों पर दी जाने वाली सब्सिडी में चेरी, स्ट्राबेरी, बेर, आड़ूू, नाशपाती, लीची, जैविक सब्जियां आदि होंगी। इस योजना के तहत पात्र जैविक/विदेशी सब्जियों की पहचान एक विशेषज्ञ समिति द्वारा की जाएगी, जिसे अलग से सूचित किया जाएगा।
बागवानी विभाग की ओर से एक अधिसूचना में मैसर्स गो एयरलाइंस इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया है। शिपिंग दरों में 128 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से दुबई, 128 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से शारजाह, 29 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से दिल्ली, 54 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से कोलकाता, 39 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से मुंबई/पुणे और 55 रुपये प्रति किलोग्राम श्रीनगर/जम्मू से बंगलरू के लिए तय की गई हैं। इन दरों पर सभी कर और एयरपोर्ट हैंडलिंग शुल्क शामिल हैं।