जम्मू। नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने आतंकियों द्वारा मारे गए भाजपा नेता राकेश पंडिता को शहीद का दर्जा देने के साथ उनके परिवार को पूरा सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में कश्मीर में ऐसी हत्याएं अस्वीकार्य हैं। राणा ने पार्टी नेताओं के साथ दुर्गा नगर स्थित पंडिता के आवास पहुंचकर परिवारवालों के प्रति संवेदना प्रकट की।
उन्होंने कहा कि घाटी में पिछले कुछ दिनों से बर्बरतापूर्ण और चुन चुन कर हो रही हत्याओं ने डर का माहौल पैदा किया है। यह सभ्य नागरिक समाज के व्यवहार के विरुद्ध है। सभ्य समाज में आतंकवाद का कोई स्थान नहीं है और इसे पूरी ताकत से एकजुट होकर लड़ा जाना चाहिए। पार्टी तथा विचारधारा से ऊपर उठकर पिछले तीन दशक से नासूर बने आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ खड़ा होना चाहिए। आतंकवाद से कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता है। उन्होंने परिवार वालों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने के साथ ही पंडिता की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की ताकि परिवार का गुजर बसर हो सके। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।