जम्मू। सनातन धर्म सभा ने स्कूल-कॉलेज, मंदिर, श्राइन, गर्ल्स हॉस्टल के आसपास शराब की दुकानें न खोलने की मांग की है। सभा ने उप राज्यपाल से आग्रह किया है कि वह इस मामले की समीक्षा करें और तत्काल प्रभाव से आदेश जारी करें।
सभा की अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधीचि की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि इन दिनों शराब की दुकानों को लेकर कई जगह पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे में हमें यह देखना होगा कि शराब महत्वपूर्ण है या फिर संस्कार। बैठक में स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं का समय घटाए जाने के फैसले की समीक्षा करने का भी उप राज्यपाल से आग्रह किया गया। कहा गया कि आधे घंटे की क्लास से बच्चों को तैयारी करने में मुश्किलें आ सकती हैं। इसलिए आने वाली पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए टाइम बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। इस दौरान पूर्व मंत्री प्रो. चमन लाल गुप्ता तथा आतंकियों की गोली का शिकार त्राल नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पंडिता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।