जम्मू। भाजपा नेता राकेश पंडित की हत्या के विरोध में वीरवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जम्मू प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन कर पाकिस्तान का झंडा जलाया।
संगठन के अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा कि पाकिस्तान के इशारे पर ही हिंदुओं को निशाना बनाकर कश्मीर में आतंकवादी हत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अनुच्छेद 370 के हटने के बाद भी कश्मीर में अल्पसंख्यक हिंदुओं को न तो भूमि खरीदने दी जा रही है और न ही उन्हें व्यापार करने दिया जा रहा है।
अल्पसंख्यक हिंदुओं में डर का माहौल पैदा करने के लिए साजिश के तहत हत्याएं की जा रही हैं। राकेश बजरंगी ने मोदी सरकार से अपील की कि वह पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों व आतंकी शिविरों का खात्मा करे। इसके अलावा पाकिस्तान पर भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए जोकि लगातार आतंकवादियों को समर्थन जारी रखे हुए है। इस अवसर पर ऋषभ, शेर सिंह, प्रवीण, सोनू, राजेश, अमित, मोनू, कृष्ण व सनी भी मौजूद रहे।
हंदवाड़ा में सलाहुद्दीन और हाफिज सईद के पुतले फूंके
बारामुला। राकेश पंडिता की हत्या के विरोध में वीरवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के हंदवाड़ा में भाजपा नेता जावेद कुरैशी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन किया और कुख्यात आतंकियों सैयद सलाहुद्दीन और हाफिज सईद के पुतले फूंके।