जम्मू/अखनूर। शहर में करीब डेढ़ महीने बाद बुधवार को शराब की दुकानें खुलीं तो खरीदने के लिए मारामारी मच गई। स्टॉक न पहुंचने के कारण अधिकतर जगहों पर दुकानें 11 बजे के बाद खुलीं, लेकिन लोगों की लाइनें सुबह आठ बजे ही लग गई थीं। 11 बजे जैसे ही शराब की बिक्री शुरू हुई तो धक्कामुक्की शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस को हलका बल प्रयोग करना पड़ा। अखनूर में बस अड्डे के पास दो दुकानों पर बेकाबू हुई भीड़ पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, इसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं लाइन में सामाजिक दूरी का पालन न करने पर पुलिस ने 62 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे 30150 रुपये जुर्माना वसूला गया। कुछ जगहों पर पुलिस बेबस भी नजर आई। लोग कोविड प्रोटोकॉल की सरेआम धज्जियां उड़ाते रहे। एक दूसरे के साथ सटकर खड़े थे।
जानकारी अनुसार जम्मू में गोल मार्केट में सुबह 11 बजे के बाद शराब की दुकान खुली, लेकिन लाइनें इससे पहले ही लग गई थीं। जैसे ही स्टॉक अपलोड हुआ और बिक्री शुरू हुई तो लोगों ने लाइनों से हटकर धक्कामुक्की शुरू कर दी। लोगों ने तीन-तीन, चार-चार बोतलें खरीदीं। कई तो पेेटी ही खरीदकर ले गए। बीसी रोड पर 9 बजे ही दुकान खुल गई थी, लेकिन स्टॉक न होने से लोग धूप में ही कतारों में लगे रहे। रघुनाथ बाजार केसी रेजीडेंसी रोड पर भी यही हाल था। परेड चौक पर दो दुकानों पर भी काफी भीड़ देखी गई।
स्टॉक न होने से कुछ दुकानें नहीं खुल पाईं
शहर में कुछ शराब की दुकानें नहीं खुल पाईं, क्योंकि इनमें स्टॉक नहीं पहुंचा था। कुछ दुकानों को लोकेशन की वजह से नहीं खोला गया। ठेकेदारों का उन लोकेशनों पर दुकानें खोलने पर जोर है, जहां पहले से दुकानें थीं। कई दुकानों को आबकारी विभाग की तरफ से लाइसेंस जारी नहीं हो पाया है।
इन जगहों पर लोगों ने नहीं खुलने दीं
शहर में कुछ जगहों पर स्थानीय लोगों के विरोध के चलते दुकानें नहीं खुल पाईं। रिहाड़ी, अंबफ्ला, लोअर रूप नगर, न्यू प्लाट और प्रेम नगर में लोग शराब की दुकानों का विरोध कर रहे हैं। प्रेम नगर में तो मंगलवार को भी लोगों ने प्रदर्शन किया और दुकान नहीं खुलने दी। जम्मू के चौक चबूतरा इलाके में भी विरोध जारी रहा।
आरएस पुरा में भी हल्का बल प्रयोग
आरएस पुरा/मीरां साहिब। कुल्लियां व मीरां साहिब में भी शराब की दुकानों पर काफी भीड़ रही। शिकायत पर एसडीपीओ शब्बीर अहमद खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को सामाजिक दूरी बनाने के लिए कहा। नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शराब खरीदने के लिए शाम पांच बजे तक लाइनें लगी रहीं।