सतवारी में बुधवार आधी रात के बाद सब्जियों की दुकान में लगी आग के बाद उठतीं लपटें।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। सतवारी सब्जी मंडी में आग लग गई। घटना बुधवार रात सवा दो बजे के करीब की है। आग में 18 रेहड़ियां और तीन स्टाल जलकर राख हो गए। रेहड़ी वालों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने आग को बुझाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटनास्थल के पास रिहायशी इलाका है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के घर भी चपेट में आ सकते थे। आग करीब 25 मिनट लगी रही। दो बजकर 40 मिनट पर रेहड़ियों और स्टाल में रखी फल और सब्जियां राख हो र्गइं। करीब पांच लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
बुधवार रात सवा दो बजे रहे थे। उस दौरान रेहड़ी वाले सब्जी लाने की तैयारी में थे और रेहड़ियों को साफ कर रहे थे। इसी दौरान आसपास खड़ी रेहड़ियों में अचानक आग लग गई। रेहड़ी वालों ने बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग एकदम से भड़क गई। पास ही स्टालों तक पहुंच गई। लोग इकट्ठे हो गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाना शुरू किया। दो बजकर 40 मिनट पर आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक रेहड़ियों और स्टाल में रखी सब्जियां और फल जलकर राख हो गए।
...तो रिहायशी इलाका भी चपेट में आता
आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो रिहायशी इलाका भी चपेट में आ सकता था। यहां पर साथ ही घर भी हैं। आग लगने के बाद शोर मचा तो आसपास के लोग जाग गए और आग पर काबू पाने की कोशिश की।
लपटों की तपिश ने पास नहीं आने दिया
जब आग लगी तो रेहड़ियों और स्टाल में फल और सब्जियां रखी हुई थीं। आग की लपटें काफी ऊपर तक जा रही थीं। तपिश इतनी थी कि किसी की पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। इसके बाद अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। रेहड़ी वालों को फल सब्जियां उतारने का मौका भी नहीं मिला। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जल्द पहुंच गईं नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।