जम्मू। गांधी नगर में दूधाधारी मंदिर के पास दो दुकानों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग में दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। एक दुकान जूतों की है और दूसरी में सैलून चल रहा था। पहले जूतों की दुकान में आग लगी और इसके बाद एयर कंडीशनर की पाइपों से आग दूसरे फ्लोर पर सैलून तक पहुंच गई। सोमवार तड़के लगी आग को कई घंटों की मशक्कत के बाद बुझाया जा सका, लेकिन सामान पूरी तरह राख हो गया।
आसपास के दुकानदारों का कहना है कि जब तक वह लोग पहुंचे तब तक सारा सामान जल चुका था। दुकान के मालिक विवेक गुप्ता और रविकांत गुप्ता भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। इनका कहना है कि आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह से जल गया है।
एसआरटीसी की वर्कशाप में भी सामान जला
उधर, जिला पुलिस लाइन के सामने एसआरटीसी की पुरानी वर्कशाप में भी सोमवार को पुुराने रखे हुए सामान में आग लग गई। हालांकि इसमें कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। शहर के कुछ हिस्सों में सूखी झाड़ियों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं।