जम्मू। झज्जर कोटली में पकड़े गए इस्लामिक स्टेट आफ जम्मू कश्मीर के कमांडर मलिक ओमेद को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस अवधि के दौरान झज्जर कोटली पुलिस थाना में ही आतंकवादी से गहन पूछताछ होगी और उसके असली मकसद की पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां जानकारी हासिल करेंगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक जांच में पता चला हैं कि पकड़ा गया आतंकवादी पंजाब के अमृतसर से हथियार लेकर जम्मू पहुंचा था। वह कई बार सांबा का दौरा कर चुका था। उसे वहां पर ओवी ग्राउंड वर्कर्स के माध्यम से ओर हथियार मिलने थे।
उल्लेखनीय है कि आतंकी कमांडर को पुलिस के विशेष दस्ते एसओजी की टीम ने रविवार को झज्जर कोटली में काफी मशक्कत के बाद पकड़ा था। उसके पास सक एक पिस्तौल, आठ गोलियां तथा 1.13 लाख की राशि भी बरामद की गई थी।
जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे के करीब से आतंकवादी कमांडर के पकड़े जाने को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। आतंकी की इस इलाके में मौजूदगी की जड़ तक जाने का प्रयास भी किया जा रहा है।