जम्मू। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कल्याणकारी और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने के साथ ऐसे प्रोजेक्टों को तय समय में पूरा करने को कहा है। बताया गया कि सुस्त परियोजना योजना के तहत 243 प्रोजेक्टों के लिए 67655.37 लाख रुपये मंजूर किए गए थे, जिसमें सड़क, पुलों, स्कूल भवनों के 128 प्रोजेक्टों को पूरा कर लिया गया है और 106 विभिन्न निष्पादन अवधि में हैं। सांसद को बताया गया कि जिला जम्मू में 1219 बंकरों का निर्माण कर लिया गया है और 37 निर्माणाधीन स्थिति में हैं। सांसद व जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (डीडीसीएमसी) के चेयरमैन शर्मा ने सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक कर केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
सांसद ने मुद्रा, पीएमजीएसवाई, डीडीयूजीजेवाई, एनआरएलएम, पीएमयूजे, पीएमकेएसवाई, पीएमयूवाई, मनरेगा, आईसीडीएस आदि योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, पीडीडी, जल शक्ति विभाग, कृषि, हार्टिकल्चर, शिक्षा, समाज कल्याण, श्रम विभाग, शहरी विकास विभाग आदि की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। जिला उपायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि मनरेगा के तहत 3513 कार्य पूरे किए गए हैं और 3740 चालू व 7253 कार्य नए लिए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में 99.17 फीसदी लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। हिमायत के तहत 2934 उम्मीदवारों को पंजीकृत किया गया है और 710 प्रशिक्षण ले रहे हैं। जम्मू जिले में 1861992 आयुष्मान लाभार्थियों में से 754169 को पंजीकृत किया गया है और 662939 को गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं। सांसद ने विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने भी लंबित कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीआरएफ प्रोजेक्ट की गति की भी समीक्षा की।