जम्मू। जम्मू-कश्मीर में इंटर्नशिप करना देश भर के विद्यार्थियों की पहली पसंद बन गया है। 91.94 प्रतिशत विद्यार्थी जम्मू-कश्मीर में इंटर्नशिप करना चाहते हैं। यह खुलासा हाल में जारी इंडिया स्किल रिपोर्ट 2021 में हुआ है। हालांकि इंटर्नशिप के अनुरूप जम्मू-कश्मीर में रोजगार के अवसर कम हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल नई नौकरियां में दो गुना बढ़ोतरी दिख रही है। 2020 में हायरिंग अनुमान 10 था जो 2021 में बढ़कर 19 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
इंडिया स्किल रिपोर्ट प्रति वर्ष जारी होती है। इसमें यूएनडीपी, एसआईटीई, एआईयू, सीआईआई और टैग्ड व व्हीबॉक्स की ओर से सर्वे किया जाता है। सर्वे के बाद आंकड़े जारी किए जाते हैं। इसमें जम्मू की स्थिति काफी खराब है। सबसे ज्यादा टैलेंट, महिलाओं को जॉब देने, न्यूमेरिकल स्किल जैसे क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर काफी पीछे है। इंडिया स्किल रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा नौकारियां बैंकिंग, फाइनेंस सेक्टर, सॉफ्टवेयर- हार्डवेयर, आईटी और इंटरनेट, बिजनेस क्षेत्र में निकलने की उम्मीद है।