अखनूर। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के आरोप में अखनूर और छंब विधानसभा क्षेत्रों के छह वरिष्ठ नेताओं को निष्कासित कर दिया है। इससे राजनीति गलियारों में हलचल मच गई है। निष्कासित नेताओं में अखनूर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा, अखनूर ब्लॉक के नेता मोहन लाल, मैरा अखनूर के निवासी ओम प्रकाश, नड गांव के मास्टर देस राज भगत, ज्यौड़ियां के मनजीत सिंह और युवा कांग्रेस के नेता राहुल टंडन शामिल हैं। इन नेताओं पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी तारा चंद के खिलाफ गतिविधियों में भाग लिया, जो पार्टी अनुशासनहीनता है।
पार्टी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन नेताओं ने पार्टी की आंतरिक नीतियों को नजरअंदाज किया और अपने कार्यों से पार्टी को कमजोर किया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद गठित अनुशासनात्मक समिति की सिफारिश पर प्रदेश अध्यक्ष तारीक हमीद कर्रा ने इन सभी नेताओं को निष्कासित करने का निर्णय लिया। हालांकि, पार्टी ने इन नेताओं को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है, लेकिन समय सीमा के भीतर जवाब न मिलने पर इसे उनकी चुप्पी मानते हुए अंतिम कार्रवाई की जाएगी।
इस बारे में कुलदीप शर्मा ने बताया कि पार्टी का यह निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सब अखनूर विधानसभा के नेता हैं और विधानसभा में हमने कांग्रेस उम्मीदवार के लिए दिन रात काम किया है। लेकिन एक विशेष नेता के कहने पर पार्टी ने यह निर्णय लिया है। वह नेता अपनी हार का ठीकरा हम पर फोड़ना चाहता है। हम आने वाले दिनों में अपने समर्थकों से विचार करने के बाद अगला कदम उठाएंगे।