जम्मू कश्मीर में कई जगह हुई बारिश
- फोटो : amar ujala
मार्च के आखिरी सप्ताह में भी मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से ठिठुरन का अहसास बढ़ा है। दिन के तापमान में गिरावट आई है। खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित रही। जिला राजोरी, पुंछ और शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड पर बर्फबारी हुई है। यह मार्ग पहले से बंद चल रहा है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
श्रीनगर में शुक्रवार की शाम चार बजे से तेज बारिश शुरू हुई। घाटी के अन्य जिलों में भी इंद्रदेव मेहरबान रहे। कश्मीर में ठंडक के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है जो पर्यटकों को लुभा रहा है। श्रीनगर में दिन का तापमान 16.0 और न्यूनतम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 0.6 और गुलमर्ग में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुपवाड़ा, जोजिला, बांदीपोरा, बारामुला के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
जम्मू में दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। दोपहर को अचानक काली घटाएं छाने के साथ बारिश शुरू हुई और देर शाम तक रुक-रुककर यह सिलसिला जारी था। जम्मू में छह मिलीमीटर पानी बरसा। बनिहाल में दिन का तापमान 17.6, बटोत में 15.8, कटड़ा में 20.5 और भद्रवाह में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला सांबा, राजोरी और पुंछ में बारिश हुई। कठुआ में हल्की बारिश हुई। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0 और कारगिल में माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मेहाड़-कैफेटेरिया मोड़ पर भूस्खलन से हाईवे बंद
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात करीब सवा 11 बजे रामबन के पास मेहाड़ और कैफेटेरिया मोड़ इलाके में कई हिस्सों में भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने से हाईवे बंद हो गया।