जम्मू में सिर्फ आधे घंटे के लिए घर से निकली महिला को घर के बाहर ताला लगाना महंगा पड़ गया। चोरों ने दिनदहाड़े घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस घर में चोरी हुई, उसमें ऊपर और नीचे अन्य लोग रहते हैं।
बावजूद ताले तोड़ कर चोरी की गई और किसी को भनक तक नहीं लगी। बबीता देवी ने पुलिस को बताया कि वह मोमो बेचती है। दिन के दो बजे मोमो लेने निकली। घर से निकलने के बाद बाहर से ताला लगाया था।
आधे घंटे बाद लौटने पर देखा कि कमरे का ताला टूटा है। वहीं, करीब 6 तोले के सोने के गहने गायब हैं। घर में रखी नकदी भी चोरी हो गई थी। बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन थाना प्रभारी जतिंदर रैना का कहना है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इलाके के सीसीटीवी की फुटेज भी ली गई है।
पूरी जानकारी लेकर आए थे चोर
बबीता ने बताया कि घर में सिर्फ उसी कमरे का ताला तोड़ा गया है, जिसमें अलमारी थी। चोर सीधा अलमारी तक पहुंचे और उसका लॉक तोड़ा। इसमें सोने के गहने थे। चोरी जाते वक्त अलमारी में पड़े अन्य सामान भी बिखेर कर चले गए।
यहां तक कि गुलक में रखे पैसे भी ले गए। जिस तरह से चोर सीधा अलमारी तक पहुंचे, उससे साफ है कि उन्हें इसकी पहले से जानकारी थी।
मकान में रहने वाले अन्य लोगों को नहीं चला पता
यह भी हैरान कर देने वाली बात है कि जिस घर में चोरी हुई, उसके ऊपर और नीचे अन्य लोग रहते हैं। ऊपर की मंजिल में महिला की माता और नीचे की मंजिल पर किरायेदार रहते हैं। इसके बावजूद वारदात के बारे में किसी को पता तक नहीं चला।