खेल सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। हाल ही में कश्मीर के गुलमर्ग में संपन्न हुए खेलो इंडिया नेशनल विंटर गेम्स में 25 राज्यों के खिलाड़ियों ने एक टीम के रूप में खेल भावना का प्रदर्शन किया और देश में विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ाया दिया। यह बात उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अवाम की आवाज कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उप राज्यपाल ने विंटर गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाली जम्मू-कश्मीर की महिलाओं और युवाओं की सफलता की प्रेरक कहानियों को साझा किया। कहा, अगले महीने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है।
इसे महिलाओं की उपलब्धियों को समाज को बताते हुए मनाया जाए। उन्होंने कहा, हम सबको साथ मिलकर नारीशक्ति की भावना को सलाम करना चाहिए। उन्होंने जम्मू की कृतिका खन्ना जोकि देश की पहली महिला पैरा रोवर है के हौंसले की सराहना की।
कहा कि वह सही मायने में चैंपियन हैं और अन्य के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। इसके अलावा उप राज्यपाल ने कठुआ की सोनिका शर्मा का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि वह सफल महिला उद्यमी हैं। सोनिका शर्मा को उप राज्यपाल ने प्रतिष्ठित अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि डेयरी के क्षेत्र में सफल महिला उद्यमी की उनकी पहचान अन्य महिला उद्यमियों को भी प्रेरित कर रही है।
उप राज्यपाल ने मसरत जान को भी नारीशक्ति का मजबूत उदाहरण बताया। कहा कि उन्होंने डायग्नोस्टिक लैब स्थापित कर महिलाओं को रोजगार दिया। सिन्हा ने पारंपरिक शिल्प की बहाली की तरफ कदम बढ़ाकर सफल उद्यमी बनने के जमरोदा अली के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा श्रीनगर के बादावारी में जमरोदा ने करूल कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र भी खोला हुआ है। सांबा के प्रवीण संग्राल के कड़े परिश्रम और हौसले की सराहना करते हुए उप राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन मानवीय कार्य को समर्पित किया हुआ है।
मुस्कान फाउंडेशन नाम के एनजीओ के माध्यम से वह जरूरत के समय लोगों की हर संभव मदद करते हैं। संदीप राजदान और अजय शर्मा जोकि कठुआ से हैं, उन्होंने अरोमा मिशन के तहत ई कामर्स वेंचर स्थापित कर नए युग के उद्यमी बनकर न केवल सरकार का समर्थन हासिल किया, बल्कि वह अन्य के लिए प्रेरणा स्त्रोत भी बने हुए हैं।
उन्होंने नौशेरा के पुनीत शर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए राजोरी जिला प्रशासन से संपर्क किया और न केवल सरकारी मदद हासिल की बल्कि सतत विकास में भी अपना योगदान देने का काम किया है।
उन्होंने बिलावर के रेाहित खजूरिया, शोपियां के मुद्दसिर फारूक मीर और अनंतनाग के ओवेस करनी द्वारा तैनाती की समग्र नीति, सेब गांव के विकास, सरकारी स्कूलों में सुधार लाने और समाज कल्याण के क्षेत्र में एनजीओ के कार्य में सरकारी हस्तक्षेप के लिए बहुमूल्य सुझाव देने की बात भी साझा की।
हीरानगर के इशान गुप्ता के नए जमाने के फूड ट्रकों के कंसेप्ट को बढ़ावा देने की सराहना की। श्रीनगर के मंजूर अहमद के गिलसार और खुशसार के संरक्षण और बहाली के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया।
सांबा के सुशांत संब्याल और गौरव सलाथिया की तरफ से स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वर्टिकल गार्डन की मरम्मत की सिफारिश करने का उल्लेख करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वह सुझावों पर काम करें।
उन्होने कहा, हमारे सामूहिक प्रयासों से ही समाज में खुशहाली आएगी। उन्होंने युवाओं को सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ हासिल करने की अपील की। साथ ही मिशन यूथ, ग्रामीण आजीविका मिशन को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रयोग में लाने के लिए भी कहा।