केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में रसूखदारों ने पद का दुरुपयोग और कानून का उल्लंघन कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। ऐसे लोगों के खिलाफ ही अतिक्रमण हटाओ अभियान है। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकारी जमीनों से कब्जा हटाने के लिए चल रहे अभियान में आम जनता व गरीब को प्रशासन नहीं छुएगा। उनके हित सुरक्षित रहे, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव पर कहा कि चुनाव आयोग ने पहले ही इस मुद्दे पर स्पष्ट बयान दे दिया है। इससे पूर्व उन्होंने श्रीनगर के जेठियार में ज्येष्ठा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान जम्मू कश्मीर में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में वृद्धि की मांगों का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा, सोलर लाइट और हीटिंग व्यवस्था, जल आपूर्ति, अपशिष्ट निपटान इकाई के निर्माण और मंदिर परिसर के विकास से संबंधित मांगों के बारे में जानकारी दी। उपराज्यपाल ने परियोजनाओं के तेजी से कार्यान्वयन के निर्देश दिया। उप-राज्यपाल के साथ संभागीय आयुक्त कश्मीर पांडुरंग के पोले, डीसी श्रीनगर मोहम्मद एजाज, आयुक्त नगर निगम अतहर आमिर खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।