आतंकवाद की जड़ों पर एक और वार करने की तैयारी कर ली गई है। जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान और उसके गुर्गों के नापाक मंसूबों से निपटने के लिए पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए लिक्विड एक्सप्लोसिव डिटेक्टर (एलईडी) खरीदने का फैसला किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस समय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को लगातार आतंकी संगठनों से लगातार चुनौती मिल रही है। पुलिस के लिए तरल विस्फोटक पदार्थों का पता लगाने में परेशानी हो रही है। इसलिए उक्त डिटेक्टर लाए जा रहे हैं। पिछले कुछ समय से आतंकियों द्वारा तरल विस्फोटक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निपटने के लिए हम ऐसा कर रहे हैं।
बता दें कि इसी वर्ष 6 मार्च को श्रीनगर में 3 लीटर सफेद रंग का तरल विस्फोटक बरामद हुआ था। करीब 15 साल बाद श्रीनगर में यह विस्फोटक मिला था। जिसे पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजा गया था।
यह तरल विस्फोटक ट्रिनिट्रोटोलुइन या नाइट्रोग्लिसरीन था, जिसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। विस्फोटक डिटेक्टर से ट्रिनिट्रोटोलुइन या नाइट्रोग्लिसरीन के अलावा हाइड्राजीन, सलफरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, निट्रोबैंजीन, ईथनोल, मिथनोल, जेट प्रॉपलेंट, मिथाइल, इथाइल किटोन जैसे तरल पदार्थों का भी पता लगाया जा सकेगा।