जम्मू। कश्मीर संभाग में कई विभागों में कनिष्ठ सहायक के 89 पद भरे जाएंगे। इसके लिए जेकेएसएसबी 10 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। पीएम पैकेज के तहत जम्मूू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड की ओर से भरे जा रहे इन पदों पर कश्मीरी पंडित और गैर कश्मीरी पंडित विस्थापित युवा ही आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड की ओर से जारी की गई अधिसूचना में बताया गया है कि कश्मीर संभाग के दस जिलों के विभागों में पद भरे जाएंगे।
इनमें पशु एवं भेड़ पालन विभाग, स्कूल शिक्षा और औद्योगिक वाणिज्य और ग्रामीण विकास विभाग के अलावा अन्य विभागों में कनिष्ठ सहायक के पद भरे जाएंगे। केंद्र शासित प्रदेश के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण देने का प्रावधान है। कश्मीरी विस्थापित या गैर कश्मीरी विस्थापित ही आवेदन करने के पात्र हैं। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक रखी गई है। 10 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार जो अभ्यर्थी परीक्षा पास करेंगे, उन्हें निर्धारित तिथि पर मूल दस्तावेज लेकर कार्यालय में सत्यापन करवाना होगा। किसी अभ्यर्थी के पास कोई दस्तावेज नहीं मिलता है तो उसकी नियुक्ति रद्द की जाएगी, जो अभ्यर्थी 10 मार्च से पहले डिग्री पूरी नहीं कर सका है, वह आवेदन नहीं कर सकता। परीक्षा की तारीख अलग से निर्धारित की जाएगी। ऑनलाइन मोड से परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा का माध्यम सिर्फ अंग्रेजी होगा। नकारात्मक मूल्यांकन होगा।