शनिवार को चिलचिलाती धूप में डल झील में डुबकी लगाते बच्चे।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। प्रदेश में अब तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय नहीं हुआ है। जम्मू जिले में ही सामान्य से 50-60 फीसदी कम बारिश हुई है। यही हाल संभाग के अन्य जिलों का है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 9-10 अगस्त को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। 11 अगस्त को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विभाग के निदेशक सोनम लोट्स के अनुसार अबतक जम्मू-कश्मीर में कमजोर मानसून रहा है। लगभग सभी हिस्सों में सामान्य से आधे से भी कम बारिश हुई है। आगामी दिनों में अभी उम्मीद है कि मानसून सक्रिय होगा। मौसम के उतार चढ़ाव पर नजर रखी जा रही है। जम्मू में शनिवार सुबह की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की सूचना है, लेकिन दिनभर बादलों के बीच तपिश और उमस ने लोगों को परेशान किया। जम्मू में दिन का तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 16.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। लेकिन यहां भी उमस हावी है। दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 82 तक चले जाने से उमस से हर कोई बेहाल है। यहां दिन का तापमान 32.3 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 32.2, बटोत में 28.1 और भद्रवाह में 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू और श्रीनगर का पारा एक जैसा
कश्मीर में तपिश जारी है। कश्मीर के अधिकतर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री ऊपर चल रहा है। शनिवार को जम्मू और श्रीनगर का तापमान लगभग एक जैसा है। यहां दिन का तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री चढ़कर 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीकुंड में दिन का तापमान 33.1, कुपवाड़ा में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।