जम्मू। महामारी के देखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। देश भक्ति से ओतप्रोत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह स्थल पर स्क्रीन के माध्यम से दिखाए जाएंगे। इसके अलावा मार्च पास्ट में सीमित संख्या को शामिल किया जाएगा।
मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने शनिवार को उपायुक्तों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बारे में जाना। उपायुक्तों को बताया कि समारोह स्थलों पर कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन हो। किसी भी व्यक्ति को बिना मास्क के भीतर नहीं आने दिया जाए। इस दौरान कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है। इससे पहले मंडलायुक्त ने सेना के भूमि अधिग्रहण, अपेक्षित मामलों की समीक्षा की। डीसी ने अपने संबंधित जिलों में भूमि की आवश्यकता और अधिग्रहण के मामलों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। यह बताया गया कि अधिकांश मामले जिलों में हल किए गए हैं। बाकी पर काम हो रहा है। मंडलायुक्त ने भूमि अधिग्रहण, अपेक्षित मामलों के मामले का विवरण मांगा और सभी लंबित मामलों को जल्द से जल्द हल करने के लिए जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए। उन्होंने जिलों में सामुदायिक बागों के विकास की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्हें बताया गया कि जिला प्रशासनों की ओर से संबंधित जिलों में बागों के विकास के लिए भूमि की पहचान की है।