जम्मू-कश्मीर में 19 नई औद्योगिक संपदाओं की पहचान की गई है। इसमें 10 पर काम किया जा रहा है। इन संपदाओं के विकास की जिम्मेदारी सिकॉप, एनबीसीसी और इरकान को सौंपी गई है। जम्मू संभाग में औद्योगिक संपदा सहर लगेट कठुआ में सबसे अधिक 761 कनाल अलाट कर दी गई है, जबकि 900 कनाल भूमि की मांग की गई थी।
इरकान द्वारा तैयार की जा रही इस संपदा में 1141 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। इसमें 22 निवेशकों को भूमि अलाॅट की गई है। नई बड़ी औद्योगिक संपदाओं में अधिकांश इकाइयों में 2024 और 2025 से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। औद्योगिक संपदा रख राड़ा, सांबा में 5 निवेशकों को 60 कनाल की भूमि अलाट की गई है, इसमें 36.17 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है।
इस संपदा का सिकाॅप विकास कर रहा है। इसी तरह औद्योगिक संपदा करथोली बाड़ी ब्राह्मणा सांबा में 356.74 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 12 निवेशकों को 131 कनाल भूमि अलाट की गई है। इस संपदा का भी सिकाॅप द्वारा विकास कराया जा रहा है।
एनबीसीसी की ओर से विकसित की जा रही औद्योगिक संपदा सोले सुंगल अखनूर में 33.27 करोड़ के निवेश में 22 निवेशकों को 72 कनाल की भूमि अलाट की गई है। इसी तरह औद्योगिक संपदा गुढ़ा जगीर अखनूर में 32 करोड़ रुपये के निवेश में 17 निवेशकों को 67 कनाल भूमि अलाट की गई है।
गांव डेली जम्मू में जेके मेडिसिटी के लिए 250 करोड़ रुपये के निवेश में एक निवेशक को 56 कनाल की भूमि अलाट की गई है। इसे एनबीसीसी द्वारा तैयार किया जा रहा है। औद्योगिक संपदा चांदगाम पुलवामा में 484.54 करोड़ रुपये के निवेश में 28 निवेशकों को 209 कनाल की भूमि अलाट की जा चुकी है।
औद्योगिक संपदा मिदोरा त्राल पुलवामा में 101.96 करोड़ रुपये के निवेश में 42 निवेशकों को 78.50 कनाल की भूमि अलाट की गई है। औद्योगिक हरी पारीगाम त्राल पुलवामा में 120.71 करोड़ रुपये के निवेश में 67 निवेशकों को 85.50 कनाल भूमि अलाट की गई है। औद्योगिक संपदा बांदीपोरा बड़गाम में 79.45 करोड़ रुपये के निवेश में 31 निवेशकों को 51 कनाल भूमि अलाट की गई है।
इसके अलावा औद्योगिक संपदा अली गोरीपोरा कंगन, औद्योगिक संपदा कोहीस्तान कालोनी सफापोरा गांदरबल, औद्योगिक संपदा बरसो गांदरबल, औद्योगिक संपदा चेकपोरा बमदोरा कुलगाम, औद्योगिक संपदा गोरी हाकर हंदबाड़ा, औद्योगिक संपदा कुलदाबी बेरीपटन राजोरी, औद्योगिक संपदा राजपुर कमिला किला दरहाल राजोरी और औद्योगिक संपदा पंपोर पर काम किया जा रहा है। इनमें भी करोड़ों रुपये का निवेश आ रहा है।