जम्मू-कश्मीर में बर्फीले तूफान के फंसकर मथुरा का एक और लाल शहीद हो गया। कुपवाड़ा में जाट रेजिमेंट के जवान सत्यवीर रविवार को बफीले तूफान की चपेट में आ गए। जिसके बाद उन्हें रेस्क्यू कराके अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मथुरा के नौहझील के गांव खाजपुर का शहीद सैनिक सत्यवीर(38) पुत्र स्वर्गीय देवी सिंह जाट रेजिमेंट की 16 वीं यूनिट में साल 2000 में भर्ती हुआ था। जैसे ही यह खबर नौहझील के गांव खाजपुर में पहुंची तो पूरा गांव शोक में डूब गया। शहीद सैनिक के घर पर आसपास के गांव के ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। हर कोई सैनिक को लेकर केवल चर्चा करता दिखा। अलीगढ़ के गांव घाघौंली निवासी बनै सिंह ने रविवार को नौहझील के गांव खाजपुर पहुंचकर सत्यवीर (38) पुत्र स्व. देवी सिंह के शहीद होने की खबर दी तो घर में कोहराम मच गया।
बनै सिंह का छोटा भाई मुकेश कुमार भी सत्यवीर के साथ जम्मू-कश्मीर में तैनात है। आसपास के ग्रामीणों की शहीद हुए सत्यवीर के घर पर भीड़ लग गई। हर कोई शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाता दिखा। शहीद होने की पुष्टि गांव के प्रधान दिलावर सिंह ने की। शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर मंगलवार को गांव खाजपुर में लाया जाएगा। इसके बाद ही यहां सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी।
बच्चों संग परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
शहीद सैनिक के एक बेटा और बेटी है। बच्चों के संग ही पूरे परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी पूरे परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। हर कोई सैनिक के शहीद होने से गमजदां दिख रहा है।