रियासत जम्मू कश्मीर में सुरक्षा दायरे में 1278 लोगों पर मासिक 10 करोड़ 88 लाख 53 हजार 460 रुपये का खर्च हो रहा है। इनमें जेड प्लस की श्रेणी में 25, जेड प्लस की श्रेणी में 396, वाई श्रेणी में 150, एक्स श्रेणी के सुरक्षा कवर में 282 और एक्स टू की श्रेणी में 425 लोग शामिल हैं।
कांग्रेस सदस्य जुगल किशोर शर्मा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री की तरफ से बागवानी मंत्री अब्दुल रहमान वीरी ने यह जवाब दिया।
मंत्री ने कहा कि सुरक्षा कवर खतरे को देखते हुए दिया गया है। कश्मीर के संवेदनशील इलाकों के नेताओं या सुरक्षा कवर में आने वाले लोगों को जोखिम के अनुसार सुरक्षा कवर मिला है। विधायकों, विधान परिषद के सदस्यों को यैलो बुक की नियामावली के तहत जम्मू कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा कवर दिया हुआ है।
कुल मिलाकर सुरक्षा कवर वाले लोगों पर मासिक 10,88,53,460.75 का खर्च हो रहा है। इनमें पीएसओ के वेतन पर 5,56,07,721.00 की राशि खर्च मासिक आधार पर खर्च हो रही है। फ्यूल पर 45,44,403.75 का खर्च आ रहा है। होटलों में ठहराने पर मासिक करीब 47,30,495.00 की राशि खर्च हो रही है।
इसी तरह आवासीय गार्ड पर 4,39,70,841.00 की राशि खर्च आ रही है। इस मामले पर कांग्रेस सदस्य जुगल किशोर शर्मा, गुलाम नबी मोंगा, नरेश गुप्ता और भाजपा सदस्य यूसुफ सोफी ने चर्चा में हिस्सा लिया और विधान परिषद सदस्यों की सुरक्षा के लिए मिले वाहनों की हालत खस्ता होने की तरफ सरकार का ध्यान खींचा।