स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने शुक्रवार को केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत जम्मू-कश्मीर के लिए दो और नए सरकारी मेडिकल कालेजों को मंजूरी दी। यह लेह और उधमपुर जिलों में स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, जम्मू-कश्मीर की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में दोनों सरकारी मेडिकल कालेजों की स्थापना के लिए 325 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी गई है। नए मेडिकल कालेज चरण-3 के तहत मौजूदा जिला रेफरल अस्पताल के साथ संलग्न होंगे।
बजट पर अधिकारियों ने कहा कि नए मेडिकल कालेज के निर्माण पर 115 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह छात्रों और संकायों के हॉस्टल व आवासों के लिए 80 करोड़ रुपये, उपकरणों पर 70 करोड़ रुपये और शिक्षण अस्पताल के उन्नयन के लिए 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय आयुक्त स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा जम्मू-कश्मीर अटल डुलू ने बताया कि गवर्नमेंट मेडिकल कालेज हंदवाड़ा के लिए प्रस्ताव विचाराधीन था।
परियोजना प्रस्ताव की समीक्षा के लिए तकनीकी मूल्यांकन समिति (टीईसी) की बैठक 10 अक्तूबर, 2019 को नई दिल्ली में रखी गई है, जिसमें स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बैठक के दौरान इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।
निदेशक समन्वय, नए मेडिकल कालेज, जेएंडके, डॉ. यशपाल शर्मा ने कहा कि दो नए कालेजों की स्थापना के कदम से इन जिलों में रोगी देखभाल के वर्तमान परिदृश्य में सुधार के अलावा राज्य भर में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। दो और नए मेडिकल कालेजों की मंजूरी के साथ राज्य भर में सरकारी मेडिकल कालेजों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी। राज्यपाल के नेतृत्व वाले प्रशासन ने भारत सरकार के साथ कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।