ईद से पहले कर्मचारियों को वेतन तथा अन्य बकायों की अदायगी के लिए राज्य सरकार ने 566 करोड़ रुपये जारी किए। दो दिनों में यह राशि श्रीनगर की विभिन्न ट्रेजरियों से बांटी गई।
उधर, ईद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर भारी फोर्स की तैनाती की गई है। साथ ही विभिन्न मस्जिदों के बाहर भी कड़ा पहरा है। कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
विभिन्न ट्रेजरियों में वीरवार तक पहुंचने वाली सभी प्रकार के भुगतान से संबंधित चेक का पेमेंट भी कर दिया गया। सरकारी कर्मचारियों के वेतन, ठेकेदारों के भुगतान, भूमि अधिग्रहण संबंधी मुआवजे तथा स्थानीय निकायों के कर्मचारियों के वेतन जारी किए गए।
बुधवार तथा वीरवार को श्रीनगर की विभिन्न ट्रेजरियों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निर्देश पर वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू ने भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
एकाउंट्स एंड ट्रेजरी के महानिदेशक ने श्रीनगर की विभिन्न ट्रेजरियों का दौरा कर भुगतान की स्थिति की जानकारी हासिल की।