डॉ. हसीब द्राबू
- फोटो : फाइल
जम्मू-कश्मीर के कद्दावर नेता और पूर्व वित्तमंत्री डॉ. हसीब द्राबू ने गुरुवार को अंतत: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से नाता तोड़ लिया। उन्होंने पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती को अपना इस्तीफा भेज दिया है। सरकार गिरने के बाद भारी अंतर्विरोधों से जूझ रही पार्टी को इससे तगड़ा झटका लगा है। द्राबू ने स्वयं ट्वीट कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी।
मंत्री पद से हटाए जाने के बाद से द्राबू पार्टी से नाराज चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपने पत्र में इसका कोई जिक्र नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी में उपेक्षा से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह फैसला लिया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि विधानसभा भंग होने के साथ ही उनकी सदस्यता समय से पहले से खत्म हो गई। राज्यपाल के इस निर्णय के समय व तरीके से वह सहमत नहीं थे। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को किसी प्रकार का लाभ नहीं होने वाला। इसलिए अब समय आ गया है कि वह पार्टी को अलविदा कहें।
मतभेद नहीं, दो साल पहले ही सौंपा था त्यागपत्र
पत्र में उन्होंने कहा कि उनका कोई मतभेद नहीं है। वह जानती हैं कि दो साल पहले ही उन्होंने कैबिनेट, विधानसभा तथा पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने पार्टी की गतिविधियों से भी किनारा कर लिया था। उन्होंने कहा कि वह इसे नैतिक रूप से गलत मान रहे थे कि जिस पार्टी के बैनर तले उन्होंने चुनाव लड़ा उसे छोड़ दिया जाए। लेकिन अब सब कुछ खत्म है इस वजह से वे पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं।