अधिकारियों ने बताया कि पीर पंजाल रेंज से विभाजित अनंतनाग-राजोरी निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की गिनती गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (लड़कों के लिए) अनंतनाग और गवर्नमेंट पीजी कॉलेज राजोरी में होगी। महबूबा मुफ्ती इस निर्वाचन क्षेत्र से जीत की तलाश में हैं और उन्हें नेकां के मियां अल्ताफ से बड़ी चुनौती मिल रही है। 10 निर्दलीय और आठ अन्य उम्मीदवार भी हैं, जिनमें भाजपा समर्थित अपनी पार्टी के जफर मन्हास शामिल हैं।
श्रीनगर संसदीय क्षेत्र में वोटों की गिनती डल झील के किनारे शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में होगी। इस सीट पर 16 निर्दलीय सहित सबसे अधिक 24 उम्मीदवार हैं। नेकां के रूहुल्लाह, अपनी पार्टी के मीर और पीडीपी के युवा नेता वहीद पर्रा निर्वाचन क्षेत्र से मजबूत उम्मीदवार हैं।
जम्मू निर्वाचन क्षेत्र के लिए वोटों की गिनती सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और सरकारी एमएएम कॉलेज के परिसर में की जाएगी। इस सीट पर भाजपा के जुगल किशोर जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला इस सीट से मैदान में हैं। साथ ही 20 अन्य उम्मीदवारों रण में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीरी प्रवासियों के मतों की गिनती जम्मू के गांधी नगर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, उधमपुर स्थित राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और नई दिल्ली स्थित जेएंडके हाउस में होगी।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) पांडुरंग के पोले ने शनिवार को निर्वाचन भवन में अंतिम मतगणना से पहले जिलों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
बैठक में सभी जिला चुनाव अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) और एआरओ प्रवासी (जम्मू, उधमपुर और दिल्ली) शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन अधिकारियों ने सीईओ को मतगणना के लिए किए गए प्रबंधों, विशेषकर पास जारी करने, केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कर्मियों के लिए कल्याणकारी प्रावधानों और मीडिया के साथ-साथ चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और उनके मतगणना एजेंटों के लिए सुविधा केंद्रों की व्यवस्था से अवगत कराया।
सीईओ ने जिलों को मतगणना में शामिल कर्मियों को उचित प्रशिक्षण और संवेदनशील बनाने का निर्देश दिया ताकि मतगणना केंद्रों पर उचित अनुशासन और मर्यादा बनी रहे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाने के अलावा उचित व्यवस्था करने को भी कहा।