किश्तवाड़ में ब्लास्ट के बाद मौके पर पहुंचे लोग
- फोटो : संवाद
किश्तवाड़ जिले की तहसील मुगल मैदान के दूरदराज इलाके सिंबोल गांव में संदिग्ध वस्तु में हुए विस्फोट में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक यह वस्तु युवकों को जंगल में मिली थी, जिसे गर्म करते वक्त विस्फोट हुआ।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल को छात्रू तहसील के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां उसका उपचार चल रहा है। घटना दोपहर के समय की है। एसएसपी किश्तवाड़ खलील पोसवाल ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चला है कि जिले के सिंबोल गांव में मोहम्मद अब्बास नाइक के घर की रसोई में संदिग्ध विस्फोट हुआ है।
बुधवार को अब्बास और उसका भाई गुच्छी (जंगली सब्जी) लेने के लिए पास के जंगल में गए थे। इस दौरान उन्हें एक लावारिस जंग लगी वस्तु मिली, जिसे वे घर ले आए। रसोई में गर्म करते समय वस्तु में विस्फोट हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना आज दोपहर के समय की है। घटना में जान गंवाने वाले की पहचान शबीर अहमद (21) के रूप में हुई है। घायल की पहचान मोहमद यासीन (17) के रूप में हुई है। दोनों भाई हैं और मोहम्मद अब्बास नाइक के बेटे हैं। एसएसपी ने पूरी टीम के साथ मौके का जायजा लिया है। देर रात्रि तक थाना प्रभारी छात्रू परवेज अहमद खांडे जांच में जुटे थे।