डोडा जिले में खिलैनी सुरंग(प्रतीकात्मक)
- फोटो : संवाद
जम्मू संभाग के डोडा जिले में खिलैनी सुरंग की पहली टयूब के उत्खनन का काम हो गया है। इस सुरंग के बनने से देश को कश्मीर से जोड़ने के लिए एक और वैकल्पिक सड़क मार्ग मिल जाएगा। इसके अलावा डोडा और किश्तवाड़ जिलों के बीच सड़क मार्ग की दूरी करीब तीस किलोमीटर कम होगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग और ढांचागत विकास प्राधिकरण लिमिटेड सुद्धमहादेव, खिलैनी, गोहा छातरू व खन्नाबल राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर काम कर रही है और 1. 574 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जा रहा है।
कंपनी के इंजीनियर हरजीत सिंह का कहना है कि अगले आठ महीने में सुरंग से वाहन दौड़ने लगेंगे। सुरंग की दूसरी ट्यूब पर भी तेज गति से कार्य चल रहा है। अप्रैल 2023 के अंत तक उत्खनन का काम पूरा होने की संभावना है। ब्यूरो
सुरंग का निर्माण 431 करोड़ से हो रहा
खिलैनी सुरंग का निर्माण 431 करोड़ की राशि से किया जा रहा है। इस सुरंग के बनने से भूस्खलन वाले क्षेत्र बटोत पुल डोडा को बाई पास कर दिया जाएगा। सुरंग का निर्माण कर रही कंपनी एफको इंफ्रा टैक प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि तय समय पर सुरंग का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
भाजपा के डोडा जिला के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने सुरंग का काम तेजी से होने के लिए स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के प्रयासों की सराहना की है।
मार्च 2021 में सुरेग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था और अब तक पहली ट्यूब का 85 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। - विनय कुमार, सहायक महाप्रबंधक, खिलैनी सुरंग परियोजना