राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने किश्तवाड़ में आतंकी घटनाओं के संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जी एम सरूरी को 11 फरवरी को पूछताछ के लिए तलब किया है। एनआईए जिले में आतंकी घटनाओं की जांच कर रही है। पिछले साल सितंबर में जिले में हिजबुल मुजाहिदीन से संपर्क रखने के आरोप में दर्ज दो मुकदमों में एक दर्जन व्यक्तियों के नाम थे, जिनमें सरूरी के भाई मोहम्मद शफी का नाम भी था।
शफी ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा था कि आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। ये आरोप उनका तथा उनके परिवार का नाम खराब करने के लिए लगाए गए हैं। उसने दावा किया था कि वह किसी भी जांच को तैयार हे।
67 वर्षीय सरूरी प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं और किश्तवाड़ की इंदरवाल विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे हैं। सांप्रदायिक तौर पर संवेदनशील किश्तवाड़ नवंबर 2018 में आतंकी गतिविधियों से दहल गया था। इससे करीब एक दशक पहले पहाड़ी जिले को आतंकवाद से मुक्त घोषित कर दिया था।