उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में बुधवार की देर रात आतंकियों के साथ मुठभेड़ जारी है। जिसमें सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर रखा हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने 2 आतंकी को मार गिराया है। दोनों की पहचान ओवैस अहमद भट्ट और गुंड ब्राथ सोपोर के ताहिर दार के रूप में हुई है। दोनों हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी संगठन में शामिल हुए थे।
बता दें कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट के चलते बुधवार दोपहर को सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान सभी एंट्री और एक्जिट प्वाइंट सील कर घर-घर तलाशी शुरू की गई। बर्थ कला इलाके में घेराबंदी सख्त होता देख छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुरक्षा बलों ने जिस मकान में आतंकी छिपे हुए हैं उसके आस-पास के घरों को खाली करा लिया है। सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), 179 बटालियन सीआरपीएफ और सोपोर एसओजी की ओर से पूरे इलाके को घेर रखा है। फ्लड लाइट के भी प्रबंध किए गए हैं ताकि आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग न निकलें।
वहीं, दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के किलूरा मलिकगुंड गांव में आतंकियों की सूचना मिलने पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने बुधवार सुबह इलाके की घेराबंदी कर साझा तलाशी अभियान चलाया। घरों की तलाशी ली गयी। आतंकियों का सुराग न मिलने पर ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया।