जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने शनिवार कहा कि पाकिस्तान में बैठे हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी सैयद सलाहउद्दीन और अन्य पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने कहा, पुलिस इसके लिए योजना बना रही है।
आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का कड़ा अभियान जारी रखते हुए अनंतनाग प्रशासन ने पहलगाम के लिवर गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए गए हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी कमांडर गुलाम नबी खान उर्फ आमिर खान के घर को बुलडोजर लगाकर ढहा दिया।
आमिर इस समय पाकिस्तान में है। वह आतंकवाद के शुरुआती दौर (90) के दशक में पाकिस्तान चला गया था। अधिकारियों ने बताया कि आमिर यूनाइटेड जिहाद काउंसिल का उपाध्यक्ष है। वह मूल रूप से अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके के लिवर गांव का रहने वाला है।
उसने तीन मरला सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर मकान बना लिया था। इससे पहले प्रशासन ने राजपोरा पुलवामा के जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कमांडर आशिक नेंगरू के घर को बुलडोजर से ढहा दिया था। वह घर भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया गया था।