जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने पुलिस पोस्ट पर हमला किया। आतंकी वारदात के दौरान पोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों में से एक शहीद हो गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हमला पुलवामा के राजपुरा इलाके के मुरान चौक के पास हुआ। आतंकियों ने नेशनल कांफ्रेंस के लीडर गुलाम मोहिदीन के घर के बाहर बने पुलिस पोस्ट पर हमला किया गया।
ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर आतंकी उनके हथियार लेकर फरार हो गए। घटना का सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने दोनों घायल पुलिस के जवानों को अस्पताल पहुंचाया। जहां गंभीर रूप से घायल जवान मुदादिर अहमद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे गंभीर घायल जवान नजीर अहमद को इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया गया है।
एसएसपी पुलवामा मो. असलम चौधरी ने बताया कि हमले में एक पुलिस का जवान शहीद हो गया है। इसके साथ ही आतंकी दोनों जवानों के हथियार लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस और सुरक्षाबलों
ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।