जिला रोजारी के नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संदिग्ध हरकत देखे जाने के बाद सोमवार को सेना ने घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए एक घुसपैठिये को मार गिराया, जबकि तीन से चार घुसपैठिये भाग निकले।
इसके बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मारे गए दहशतगर्द की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। हालांकि इस बारे में सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
सैन्य सूत्रों ने बताया कि रविवार व सोमवार की मध्य रात्रि रूबलीधारा में एलओसी पर सेना के जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी। नाइट विजन डिवाइस में घुसपैठिए हरकत करते नजर आए। सेना ने संयम का परिचय देते हुए संदिग्धों को और नजदीक आने दिया। रेंज में आने के बाद जवानों के ललकारने पर घुसपैठियों ने फायरिंग कर दी।
सेना ने पुख्ता जवाब देते हुए एक घुसपैठिये को मार गिराया, जबकि उसके तीन से चार साथी वापस भाग निकले। सेना ने सोमवार सुबह पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जो देर रात तक जारी था। बताया जा रहा है सेना ने एलओसी से घुसपैठिए का शव शाम 7 बजे बरामद कर लिया है।
पिछले माह कुपवाड़ा में मारे गए थे चार घुसपैठिये
हाल ही में 23 जून को कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार दहशतगर्दों को मार गिराया था। वे माच्छिल सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।