कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर ने 3 जनवरी से 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण की तैयारी तेज कर दी है। माना जा रहा है कि इनमें अधिकांश दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थी शामिल होंगे, ऐसे में सरकार हाई स्कूल और हायर सेकंडरी के इन बच्चों का स्कूलों में जाकर टीकाकरण करेगी। इन बच्चों को कोवैक्सीन की खुराक दी जाएगी।
लोगों को दी जाएगी बूस्टर खुराक
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग से स्कूल स्तर पर बच्चों का ब्योरा मांगा है। स्कूल प्रमाण पत्र के आधार पर उनकी उम्र की पुष्टि की जाएगी। पूरे प्रदेश में ऐसे 8.60 लाख बच्चों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा10 जनवरी से चिकित्सा कर्मियों और अन्य आवश्यक सेवा वर्ग के लोगों को बूस्टर खुराक भी दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से संबंधित स्कूलों से मांगी गई है जानकारी
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक भारद्वाज ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर बच्चों के टीकाकरण के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से संबंधित स्कूलों के बच्चों की जानकारी मांगी गई है।
ऑनलाइन और आनसाइट पंजीकरण का विकल्प दिया जाएगा
इसमें बच्चों के लिए ऑनलाइन और आनसाइट पंजीकरण का विकल्प दिया जाएगा। ऑनसाइट पंजीकरण में मौके पर ही पंजीकरण कर टीकाकरण किया जाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन घर बैठे किया जा सकेगा। इसके अलावा ड्रॉप आउट बच्चों को भी चिन्हित करके उनके पैतृक स्थानों पर टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग के संस्थानों में भी टीकाकरण का विकल्प दिया जाएगा, लेकिन पहली प्राथमिकता स्कूल ही होंगे।
18 से अधिक आयु वर्ग में 92 फीसदी को टीकाकरण
जम्मू कश्मीर में 18 से अधिक आयु वर्ग में अनुमानित आबादी 94 लाख है। इसमें 92.26 फीसदी लोगों को दूसरी खुराक का टीकाकरण किया जा चुका है। टीकाकरण में किश्तवाड़ अब तक 74.51 फीसदी के साथ प्रदेश में सबसे पीछे है। जिला सांबा और पुंछ में दोनों खुराक में सौ फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है।
प्रदेश में 91 संक्रमित, कश्मीर में एक की मौत
प्रदेश में मंगलवार को 91 नए संक्रमित मामले मिले हैं, जो कई हफ्तों सौ से कम मामले आए हैं। राजधानी श्रीनगर में सर्वाधिक 30 और जम्मू में 20 संक्रमित मामले मिले हैं। तीन से अधिक मामले आने पर क्वालिटी बेकरी, कनाल रोड जम्मू के निकट वाली गली को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
चौबीस घंटे में कश्मीर में एक कोविड संक्रमित मरीज की मौत हो गई
जिला मजिस्ट्रेट जम्मू की ओर से जारी आदेश में उक्त गली में आपात सेवाओं को छोड़कर सामान्य आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। क्षेत्र में सौ फीसदी कोविड परीक्षण को सुनिश्चित बनाया जाएगा। पिछले चौबीस घंटे में कश्मीर में एक कोविड संक्रमित मरीज की मौत हुई है।
हमारी प्राथमिकता स्कूलों में ही बच्चों के टीकाकरण की है, ताकि कोई बच्चा छूट न जाए। इससे स्कूलों में भी सौ फीसदी टीकाकरण सुनिश्चित हो जाएगा।
-डॉ. सलीम उर रहमान - निदेशक परिवार कल्याण विभाग, जम्मू -कश्मीर