सांबा जिले के घगवाल थाना के अंतर्गत आने वाले गांव छन्न समोत्रा में सोमवार देर रात को एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों से भरी बस पलट गई। इस दुर्घटना में 20 श्रमिक घायल हो गए। इनमें से चार गर्भवतियों को सांबा जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। बाकी का उपचार घगवाल अस्पताल में जारी है।
राजोेरी-पुंछ हाईवे पर मंजाकोट में राजोरी से पुंछ जा रही ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 4 सवार घायल हो गए। इन्हें मंजाकोट के सरकारी अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कार (जेके11ई-9278) को लेकर मोहम्मद शब्बीर खादम हुसैन निवासी राजल नौशेरा पुंछ की ओर जा रहा था।
मंजाकोट के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देते समय कार से संतुलन खो बैठा और कार सड़क से करीब 30 फुट गहरी खाई में गिर गई। बीएमओ मंजाकोट डॉ. सलीम अहमद भट्टी ने बताया कि हादसे में घायल रुकसाना कोसर, शाह बेगम, अब्दुल कुदूस और चालक मोहम्मद शाबिर का उपचार जारी है। सभी की हालत ठीक है।
सांबा जिले के 17 माइल के निकट हाईवे पर दो कारों की टक्कर में माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे तीन लोग घायल हो गए। उन्हें विजयपुर के एक्सीडेंटल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के अनुसार सोमवार को एक कार (आरजे23सीई-2872) में सवार तीन लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के उपरांत राजस्थान लौट रहे थे।
विजयपुर में उनकी कार आगे चल रही दूसरी कार (जेके21जी-9127) से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद आगे वाली कार ने तीन पलटे खाए। हालांकि, उसका चालक सकुशल रहा। लेकिन, दूसरी कार हाईवे के नीचे जा गिरी। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे यात्री विक्रम (21) पुत्र चटरमल, प्रह्लाद सिंह (35) पुत्र अनुमन सिंह और विजय पुत्र बाबू लाल तीनों निवासी राजस्थान घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें विजयपुर के एक्सीडेंटल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों घायलों की हालत ठीक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।