संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। मौलाना आजाद कॉलेज में मंगलवार को गाड़ी की पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। पता चला है कि करीब छह छात्रों ने एक छात्र व उसके परिवार पर हमला कर दिया, जिससे घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। साथ ही उसकी मां को भी चोटें आई हैं। कॉलेज प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक छात्र को निलंबित कर दिया है। झड़प में एक प्रोफेसर का नाम भी सामने आ रहा है, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है।
गांधी नगर अस्पताल में भर्ती आदित्य भगत ने आरोप लगाया कि बीए सेमेस्टर-4 का पेपर देने के बाद गाड़ी लेने के लिए जैसे ही पार्किंग स्थल पर पहुंचा तो एक प्रोफेसर के साथ कुछ छात्रों ने गाड़ी लगाने पर बहस करनी शुरू कर दी। इसी बीच पिता को फोन किया। पिता अजय भगत और माता रीता देवी मौके पर आए और प्रधानाचार्य कक्ष में शिकायत दी। इसके बाद गाड़ी लेकर जाने लगे तो कुछ छात्रों ने हमला कर दिया। हमले में मां भी घायल हो गई। इसके बाद पुलिस चौकी नेहरू मार्केट में शिकायत दर्ज करवाने गए। वहां से पुलिस गांधी नगर अस्पताल ले गई। पिता ने बताया कि बेटे के सिर पर चार टांके लगे हैं और चेहरे में सूजन है। पत्नी का भी इलाज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पढ़ाई के लिए बेटे को प्रोफेसर कुछ कहते तो गलत नहीं था, मगर पार्किंग के लिए ही पीट दिया। उधर, कॉलेज प्रशासन के अनुसार पिटाई के लिए एक छात्र को निलंबित कर दिया है।
आरोप बेबुनियाद हैं। आज तक किसी बच्चे पर हाथ नहीं उठाया। मामले में आरोपी पाए गए छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।
-संबंधित प्रोफेसर
एक छात्र को निलंबित कर दिया है, क्योंकि पता चला है कि हमले में वह मुख्य आरोपी है। मामले में और कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच के लिए कमेटी नियुक्त की जा रही है।
-जीएस रकवाल, प्रधानाचार्य, एमएएम कॉलेज