जम्मू। बजट में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत प्रदेश में 2021-22 में विद्युत क्षेत्र के लिए 2728 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 119 करोड़ रुपये ज्यादा है। इसके अलावा प्रदेश विद्युत निगम को कार्यशील बनाने के लिए 11025 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इससे विभाग देनदारी को समाप्त कर सकेगा। साथ ही ब्याज से भी मुक्ति मिल सकेगी। इसके अलावा नई जल विद्युत परियोजनाओं को क्लीयर करने संबंधी सभी अड़चनों को दूर किया जा सकेगा। इसमें 850 मेगावाट की नई संयुक्त रेटल परियोजना को अंतिम रूप दिया गया है। जून 2021 तक दो लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा रहे हैं। सर्दी के मौसम में ट्रांसफार्मरों को होने वाला नुकसान कम होगा। ट्रांसफार्मरों में अब कट आउट्स लगाए जाएंगे। शिकायतों के लिए 24 घंटे ई कस्टमर केयर स्थापित किए जाएंगे। अक्तूबर 2022 तक 22 परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।
ग्रिड स्तर पर ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। प्रदेश भर में सोलर प्लांट्स लगाए जाएंगे। नवीकरणीय ऊर्जा के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। सोलर प्लांट लगाने के लिए पंपोर, कालाकोट और कावा में जगह को चिन्हित किया जा रहा है। पीजीसीआईएल ने पीएमआरपी योजना के तहत एक ऑप्टीकल ग्राउंडेड वायर परियोजना को शुरू करने की तैयारी की है। इससे प्रदेश में बेहतर बिजली सुविधा लोगों को मिलेगी। प्रदेश में किरथाई द्वितीय, सवालाकोट, उड़ी प्रथम, दुलहस्ती स्टेज जैसी नई जल परियोजनाओं में आ रही अड़चनों को दूर किया गया है।