भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर वीरवार देर रात सांबा सेक्टर के मंगु चक इलाके में उस पार संदिग्ध हलचल देखे जाने के बाद बीएसएफ ने गोलाबारी शुरू कर दी। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शुक्रवार शाम से ही अंतरराष्ट्रीय सीमा के सभी रूट सील कर दिए गए हैं। नदी-नालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है जो आतंकी घुसपैठ के पुराने रूट रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, वीरवार रात लगभग डेढ़ बजे बीएसएफ ने मंगु चक बार्डर आउट पोस्ट के ठीक सामने पाकिस्तानी पीर बंकर पोस्ट के नजदीक संदिग्ध हलचल देखी। घुसपैठ की किसी भी आशंका पर बीएसएफ की 173 बटालियन के जवानों ने माउंट नंबर 136 से 30-40 सिंगल शॉट फायर किए। हालांकि, इस दौरान पाकिस्तान की ओर से कोई भी जवाबी कार्रवाई नहीं हुई।
सीमावर्ती इलाके में पड़ेंगे वोट
शनिवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर और मढ़ीन के साथ मुख्यालय से सटे कठुआ ब्लॉक में पंचायत चुनाव है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के लिए शुक्रवार की रात भी चुनौतीपूर्ण होगी। घुसपैठ कर आने वाले आतंकियों के लिए सीमा के कुछ किलोमीटर के भीतर के इलाके पहले भी सॉफ्ट टारगेट रहे हैं। लिहाजा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
क्यूआरटी टीमें तैयार
एसपी कठुआ श्रीधर पाटिल ने बताया कि इस चरण में पाकिस्तान बार्डर से सटे ब्लॉक में चुनाव है। खतरे को भांपते हुए कानून व्यवस्था के साथ काउंटर इंटेलिजेंस की क्यूक रिएक्शन टीमों को भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल पूरी तरह से तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े होने के चलते अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है।