पुंछ जिला मुख्यालय के मोहल्ला पुरानी पुंछ में देर रात करीब दो बजे दो हथियारबंद संदिग्ध देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर करीब 12 घंटे से अधिक समय तक चप्पे-चप्पे को खंगाला है। इसमें डॉग स्क्वायड, ड्रोन और बम निरोधक दस्ते का भी इस्तेमाल किया गया।
पुंछ नगर के मोहल्ला पुरानी पुंछ एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार अलसुबह संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चलाए गए तलाशी अभियान के चलते करीब आधा दर्जन शिक्षण संस्थान बंद रहे। वहीं, पुरानी पुंछ चौक से नियंत्रण रेखा से सटे गांव गुलपुर, खड़ी, करमाड़ा, अजोट एवं दिगवार की तरफ सभी प्रकार के वाहनों एवं लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।
सुबह होने पर लोगों के आग्रह पर शिक्षा विभाग एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों के संचालकों ने बुधवार को शिक्षण संस्थान बंद रखने की घोषणा की। कुछ विद्यार्थियों और शिक्षकों को छोड़ कर अधिकतर स्कूल नहीं पहुंचे। उधर, अलसुबह से पुरानी पुंछ चौक से आगे जाने के लिए बंद किए गए रास्तों एवं सड़क को देर शाम तीन बजे खोल दिया गया।
राजोरी शहर से सटे बथुनी इलाके में संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने वृहद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बथुनी, मुरादपुर, ढांगरी और सरानू सहित आसपास के जंगलों को खंगाला गया।
उधर, केसरी हिल में आतंकियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त तलाशी अभियान बुधवार को भी जारी रहा। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। बक्करवालों ने बथुनी इलाके में कुछ संदिग्धों के देखे जाने की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद वृहद पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। यह अभियान दिनभर चला, जिसमें बथुनी सहित अन्य इलाकों व संबंधित जंगलों के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया।