चुनाव प्रभारी रेड्डी के मार्गदर्शन में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी- राजेंद्र
पूर्व मेयर राजेंद्र सिंह ने उम्मीद जताई है कि जम्मू कश्मीर के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। पार्टी आगामी चुनाव के लिए सभी तैयारियां कर रही है।
उन्होंने कहा कि रेड्डी को राजनीतिक सफर में गहरा अनुभव है और वह जम्मू कश्मीर के चुनाव में इसे इस्तेमाल करेंगे। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश भाजपा चुनावों के दौरान जीत के नए कीर्तिमान बनाएगी और एक संगठन को जनता केंद्रित साबित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। शर्मा ने कपिल चिब, अनिल कुमार, अशोक मन्हास और पप्पू चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधिमंडल सदस्यों के साथ रेड्डी को जम्मू-कश्मीर चुनाव प्रभारी के रूप में उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। रेड्डी को जम्मू-कश्मीर की जमीनी हकीकत, आगे की चुनौतियों, जनता की आकांक्षाओं और जनता की पसंद के बारे में जानकारी दी गई।
बसपा का एलान, विधानसभा चुनाव में नहीं देगी अन्य दलों को समर्थन
बसपा विधानसभा सहित किसी तरह के चुनाव में अन्य दलों काे समर्थन नहीं देगी। 1993 और 1995 में यूपी में सपा और कांग्रेस को समर्थन के बाद पार्टी को जनाधार कम होने के रूप में नुकसान झेलना पड़ा। इससे सबक लेकर पार्टी ने एकला चलो की नीति को अपनाया है। यह निर्देश लखनऊ में आयोजित बसपा आल इंडिया स्तरीय बैठक में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने दिए हैं।
बैठक में भाग लेने यूपी गए प्रदेश बसपा उपाध्यक्ष चरणजीत चरगोत्रा, प्रदेश कोऑर्डिनेटर गौरव, महासचिव शशि भूषण थापा तथा सुनील मजोत्रा ने वापसी पर बताया कि पार्टी के साथ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेशाध्यक्ष दर्शन राणा के अनुसार पार्टी दम पर अब चुनाव लड़ेगी। दूसरे दलों का न तो समर्थन दिया जाएगा और न ही लिया जाएगा। अकेले लड़ने का निर्णय इसलिए भी लिया गया है क्योंकि गठबंधन में बसपा का वोट तो दूसरी पार्टी के पक्ष में जा रहा है लेकिन दूसरों का वोट नहीं मिल रहा। पार्टी ने अब जम्मू में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।