राजोरी जिले के ढांगरी में अल्पसंख्यक समुदाय पर हमले के सिलसिले में पूछताछ के लिए अब तक 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
यह भी साफ हो गया है कि ढांगरी में हमले को अंजाम देने वाले आतंकी पहले से राजोरी कस्बे में मौजूद थे। हालांकि हमले में शामिल आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान नौवें दिन भी जारी रहा।
अधिकारियों ने बताया कि एक जनवरी की शाम को गोलीबारी और दो जनवरी की सुबह आईईडी धमाके में सात लोगों की मौत हो गई थी और 14 अन्य घायल हो गए थे। अधिकारियों ने कहा कि हमले के बाद, प्रशासन ने घुसपैठ के संभावित मार्गों पर निगरानी रखने के लिए स्थानीय स्वयंसेवकों और सीमा ग्रिड वाले विलेज डिफेंस गार्ड (वीडीजी) को मजबूत किया है।
जिले के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर भी लगे हैं, जिसमें आतंकियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। अधिकारियों ने कहा, सेना, पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा दो दर्जन से अधिक गांवों में संयुक्त घेरा और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष अभियान टीमों को जम्मू-कश्मीर के अन्य भागों से बुलाकर निर्धारित स्थानों पर तैनात किया गया है। एसएसपी मोहम्मद असलम के अनुसार ढांगरी हमले में शामिल आतंकियों को खत्म करने के लिए बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी अभियान चल रहा है।
कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, और हम दोषियों को पकड़ने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, पुलिस के साथ सीआरपीएफ के अतिरिक्त जवानों को संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने के लिए तैनात किया गया है। एसएसपी ने बताया कि अब तक 50 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
कड़ी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। यह भी साफ हो रहा है कि हमले को अंजाम देने से पहले आतंकी कस्बे में मौजूद थे।
हमले की गुत्थी सुलझाने के करीब है जांच, खुलासा जल्द : एसएसपी
राजोरी के एसएसपी मोहम्मद असलम ने कहा, जांच सही दिशा में चल रही है। आतंकी हमले और दहशतगर्दों के लिए काम करने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के हम हम बहुत करीब पहुंच गए हैं। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
घुसपैठ के रूटों पर अतिरिक्त तैनाती
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा से घुसपैठ के रूटों पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वीडीजी को मजबूत करने और उनके फायरिंग कौशल को बढ़ाने के लिए सेना ने मंगलवार सुबह सुंदरबनी सेक्टर में महादेव मेनका फायरिंग रेंज में विशेष फायरिंग अभ्यास सत्र आयोजित किया। एलओसी के पास के विभिन्न गांवों से 50 से अधिक वीडीजी ने फायरिंग अभ्यास सत्र में भाग लिया।