226 जवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए हैं। दिल में देश के प्रति सद्भाव और देश प्रेम का जज़्बा लिए इन जवानों ने देश की सेवा करने की शपथ ली। वहीं सेना के अनुसार सेना में शामिल हो रहे जवान अन्य युवाओं को प्रेरित करते हैं।श्रीनगर में स्थित जम्मू कश्मीर लाइट इन्फ्रेंट्री (जेएकेएलआई) के बाना सिंह परेड ग्राउंड में शुक्रवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान 226 जवान भारतीय सेना का हिस्सा बने।
राज्य के विभिन हिस्सों से संबंध रखने वाले इन युवाओं द्वारा जेएकेएलआई रेजिमेंटल सेंटर में 11 महीने की कड़ी ट्रेनिंग प्राप्त की और एक रंगरूट से वीर जवान में परिवर्तित होकर सेना की जेएकेएलआई में शामिल हुए। सेना की जेएकेएलआई में शामिल हुए यह जवान राज्य के विभिन्न हिस्सों से संबंध रखते हैं और देश प्रेम के चलते वह भारतीय सेना का हिस्सा बने।
पासिंग आउट परेड की सलामी जेएकेएलआई रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर एसजी चवान ने ली। चवान ने जम्मू-कश्मीर से अधिक से अधिक युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में उनके योगदान की प्रशंसा की। इस अवसर पर कई सैन्य अधिकारी और इन जवानों के अभिभावक और रिश्तेदार मौजूद रहे।
परेड के बाद ब्रिगेडियर चवान ने मेधावी रंगरूटों को पुरस्कार से नवाजा, जिन्होंने प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाया। जम्मू के रंगरूट दानिश कुमार को बेस्ट इन फायरिंग के लिए चेवांग रिंचेन मेडल से सम्मानित किया गया। डोडा के साहिल कुमार को शेर-ए-कश्मीर स्वोर्ड ऑफ ऑनर और ओवर आल बेस्ट के लिए त्रिवेनी सिंह मेडल से सम्मानित किया गया।