जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल प्रशासन की प्रशासनिक परिषद ने महत्वपूर्ण फैसले में प्रदेश की 13 नगरपालिकाओं को नगर परिषद बनाने की मंजूरी दे दी है। म्युनिस्पिल कमेटी से म्युनिस्पिल काउंसिल बनाए गए नगर निकायों में सांबा, रियासी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, राजोरी, कुलगाम, गांदरबल, कुपवाड़ा, शोपियां, बडगाम, बांदीपोरा और पुलवामा शामिल हैं।
उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार 2011 की जनगणना के आधार पर 30 हजार से ज्यादा आबादी वाले शहरी स्थानीय निकायों को नगर परिषद का दर्जा दिया गया है। इस फैसले से स्थानीय निकायों के कामकाज को पहले से बेहतर व योजनाबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
नगरपालिकाओं दर्जा बढ़ाने के साथ ही प्रशासनिक परिषद ने 13 एक्जीक्यूटिव आफिसर पदों को अपग्रेड कर चीफ एक्जीक्यूटिव आफिसर (सीईओ) करने को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा नई प्रस्तावित और पुरानी नगर परिषदों के लिए 19 अकाउंट्स आफिसर पदों के सृजन को भी स्वीकृत दी गई है।
सीईओ पद पर फिलहाल जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के समकक्ष पदनाम अथवा वेतनमान वाले अफसर की डेपुटेशन पर तैनाती की जाएगी। वहीं, अकाउंट्स आफिसर पद पर जेएंडके अकाउंट्स (गजटेड) सर्विसेज से नियुक्ति होगी।