- ऑनलाइन होगी बुकिंग जेडीए की ओर से हो रहा निर्माण, पहले 72 आवेदनकर्ताओं को प्रदान किए जा चुके हैं फ्लैट
- फ्लैट परिसर में पार्किंग, पार्क, शाॅपिंग कांप्लेक्स की मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नए साल में लोगों को पलोड़ा में जम्मू डेवलपमेंट अथारिटी (जेडीए) की ओर से 144 फ्लैट का तोहफा दिया जाएगा। इनका निर्माण अंतिम चरण में है। जेडीए का दावा है कि काम 15 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इनके लिए लोगों को ऑनलाइन बुकिंग करनी पड़ेगी।
इससे पहले यहां पर बनाए गए 72 फ्लैट का 2022 में आवंटन हो चुका है। नवनिर्मित फ्लैट परिसर में पार्किंग, पार्क, शाॅपिंग कांप्लेक्स सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
जेडीए की ओर से इन फ्लैट का निर्माण फरवरी 2019 में शुरू हुआ था। काम फरवरी 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन, कोविड के कारण दो साल तक काम बाधित हुआ। बाद में 2022 में काम आरंभ हुआ, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
जेडीए के अनुसार पलोड़ा में फ्लैटों पर 8683 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। इसके ऑनलाइन बुकिंग होगी। पात्र लोगों को फ्लैट सुविधा दी जाएगी। इनके तीन से पांच किलोमीटर दायरे में बस स्टैंड और स्वास्थ्य के लिए दो किलोमीटर दायरे में जीएमसी की सुविधाएं होगी।
इस हिसाब से बन रहे फ्लैट
फ्लैट संख्या
5 बीएचके 24
3 बीएचके 48
2 बीएचके 72
कुल फ्लैट : 144
इतने लाख का मिलेगा फ्लैट
फ्लैट दाम
दो बीएचके 70 लाख
तीन बीएचके 1 करोड़
पांच बीएचके डेढ़ करोड़ के आसपास
-
कोट
नए साल में लोगों को पलोड़ा में 144 फ्लैट की सुविधा दी जाएगी। निर्माण अंतिम चरण में है। इनमें लोगों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
- अश्वनी कुमार, अधीक्षण अभियंता, जेडीए