वेयर हाउस, बेलीचराना, ज्यूल चौक से कैनाल रोड तक वाहनों का जमावड़ा, चारपहिया वाहनों के गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भगवती नगर स्थित तवी के चौथे पुल की एक लेन को बुधवार की सुबह अचानक बंद कर देने से अफरातफरी का माहौल रहा। इससे बेलीचराना, वेयर हाउस, सतवारी, गांधीनगर आदि क्षेत्रों से भगवती नगर आ रहे वाहनों के पहिए पुल के पास आकर रुक गए, उधर दूसरी लेन से आ रहे वाहनों का भी वहां जमावड़ा लगा गया, जिससे बेलीचराना, वेयरहाउस के साथ ज्यूल चौक और कनाल रोड तक घंटों जाम की स्थिति बनी रही। जाम को खुलवाने के लिए ट्रैफिक कर्मियों के भी पसीने छूटे। पुल की एक लेन को बंद करने की कोई पूर्व जानकारी नहीं देने से स्थानीय लोगों में रोष रहा।
भगवती नगर पुल पर सुबह तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन 9 बजे अचानक बेलीचराना से भगवती नगर जाने वाले तवी पुल की एक लेन को बेरिकेट लगाकर बंद कर दिया गया। इस बीच बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए निकले थे, लेकिन वे पुल के पास पहुंचकर फंस गए। पुल के पास तैनात ट्रैफिक कर्मियों को भी कुछ समझ नहीं आ रहा था और वे लोगों को जवाब देने से बचते रहे, क्योंकि उन्हें भी लेन को बंद करने की कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। इस बीच फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के कुछ कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बताया कि आगे फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें उसे सड़क से जोड़ना है, इसके लिए पुल की एक लेन को बंद किया गया है। इस बीच बेलीचराना और वेयर हाउस की तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे भगवती नगर, कैनाल हेड जाने वाले वाहन चालकों को विक्रम चौक, ज्यूल और कैनाल हेड से आने वाले चालकों को भी ज्यूल से होकर गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। इस सारी अव्यवस्था से ज्यूल और कैनाल हेड मार्ग पर भी वाहनों का लोड अचानक बढ़ गया, जिससे वहां घंटों तक जाम लगा रहा। देर शाम तक पुल के आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति रही। ग्रामीण क्षेत्रों रायपुर सतवारी आदि से लोग सुबह दूध बेचने सहित अन्य कार्यों के लिए शहर भगवती नगर पुल से होकर आते हैं, जिन्हें उन्हें मायूस होकर दूसरे रूट को अपनाना पड़ा।
-
कुछ नहीं बता रहे, मेरी घोड़ागाड़ी को रोक दिया
बेलीचराना से भगवती नगर जा रहे सावर अली ने बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है। दूध लेकर जा रहा था, लेकिन ट्रैफिक कर्मियों ने घोड़ागाड़ी को रोक दिया और पुल की लेन से आगे नहीं जाने दिया। मेरा गंतव्य निक्की तवी में है जो पुल की बंद की गई लेन के बीच पड़ता है, समझ नहीं आ रहा कि अब मैं कौन सा रास्ता अपनाऊं। सावरदीन की तरह सैकड़ों लोग इसी तरह से पुल की एक लेन के बंद होने से परेशान रहे। वहीं, ट्रैफिक पुलिस विभाग की ओर से भी शाम तक पुल की एक लेन के बंद करने के बाद डायवर्जन रूट को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया था।
अगले 15 दिन तक बंद रहेगी लेन, जाम से नहीं मिलेगी निजात
पंचकुला आधारित मान बिल्डर कंपनी के अधिकारी पंकज ठाकुर ने बताया कि भगवती नगर से कैनाल हेड तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा कारणों से पुल पर वाहनों की एकतरफा आवाजाही की गई है। पुल की एक लेन अगले 15 दिन तक रहेगी। पुल के दोनों तरफ हमारे कर्मी भी तैनात हैं, जो यातायात को दुरुस्त बनाने में मदद कर रहे हैं। एक लेन से दोपहिया वाहनों को भेजा जा रहा है। हम लोगों से सहयोग की अपील करते हैं।