पहलगाम आतंकी हमले के बाद पटनीटॉप में सैलानी अचानक हुए गायब
पटनीटॉप में अप्रैल मध्य में ही सीजन की शुरुआत हो जाती है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से सैलानी पहुंचकर पटनीटॉप, नत्थाटॉप, सनासर और कुद जैसे पर्यटनस्थलों की वादियों का आनंद उठाते हैं। 10 दिन पहले तक सब ठीक था, लेकिन 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद एकाएक सैलानी गायब ही हो गए, जिससे कारोबार पर भारी असर पड़ा है।
गर्मियों में पटनीटॉप रहता था सैलानियों से गुलजार, इस बार हालात उलट
पटनीटॉप के कारोबारी एसके वड़ियाल, राजेश ठाकुर की मानें तो पटनीटॉप में गर्मियों के सीजन की शुरुआत होते ही अप्रैल मध्य से अगस्त के शुरुआत तक पटनीटॉप में सैलानियों की रौनक नजर आती है, लेकिन इस बार हालात बदल गए हैं। पार्क, सड़कें, होटल वीरान हैं। कारोबारियों ने बताया कि पटनीटॉप में छोटे-बड़े करीब 70 होटल हैं।
यह खबर भी पढ़ें: J&K: जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर चौबीसों घंटे नजर, कैमरे बताएंगे कौन कब कहां; हादसों और अपराधों पर लगेगी लगाम
इनमें करीब 1200 से 1500 कमरे हैं, लेकिन अभी 20 से 30 कमरे भी बुक नहीं हो पा रहे हैं। होटल कर्मचारियों की बात करें तो एक होटल में 20 से 50 तक कर्मचारी हैं, जिनकी रोटी भी नहीं निकल पा रही है। कारोबार ठप होने से इनके वेतन की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।