संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। नगर परिषद की टीम ने राजोरी में सोमवार को बाजारोें में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सामान जब्त करने को लेकर कर्मचारियों और फुटपाथ पर सामान रखकर बेचने वालों व रेहड़ी लगाने वालों के बीच नोकझोंक भी हुई।
नगर परिषद की टीम कार्यकारी अधिकारी व नायब तहसीलदार शाम लाल और भारी पुलिस बल के साथ जैसे ही राजोरी के गुज्जर मंडी, अब्दुल्लाह पुल, खेवरा आदि बाजार में पहुंरी, रेहड़ी-फड़ी वालों में हड़कंप मच गया। लोगों ने फुटपाथ से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। रेहड़ी वाले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने सड़क किनारे या पैदल चलने वाले रास्ते पर खड़ी रहड़ियों को हटा दिया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि उक्त बाजारों में जो भी अवैध रूप से रेहड़ी लगा कर पैदल चलने वालों के लिए या छोटे वाहनों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे थे, उनको पहले नोटिस दिया गया था,लेकिन इन्होंने परवाह नहीं की।
डीसी के कड़े निर्देश हैं कि अतिक्रमण हटाया जाए। अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा। बहुत जल्द राजोरी के मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि यदि कोई रेहड़ी वाला यहां-वहां घूम कर सामान बेचता है तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन किसी एक ही स्थान पर रेहड़ी लगाकर लोगों के लिए दिक्कत पैदा करनी वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।